न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

अधिवक्ता हत्याकांड का 24 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा,पांच आरोपी गिरफ्तार , दो अभी फरार

पकड़ाये अपराधी के पास से देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, चाकू व पांच मोबाइल बरामद

कटिहार- नगर थाना क्षेत्र के हरिगंज चौक और पटेल चौक के बीच अधिवक्ता अजीमुद्दीन अंसारी उर्फ गुड्डू अंसारी की गोली व चाकू मारकर की गई हत्या के मामले में कटिहार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के अंदर हत्याकांड का उद्भेदन कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक चाकू, एक स्कूटी,एक मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

एसपी परिचय कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस वार्ता आयोजित कर बताया कि सोमवार को नगर थाना क्षेत्र के पटेल चौक के कुम्हार टोली के पास कुछ अज्ञात अपराधियों ने अजीमुद्दीन अंसारी उर्फ गुड्डू अंसारी की गोली और चाकू मारकर हत्या कर दी थी। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें सदर अस्पताल भेजा। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद मृतक के परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर नगर थाना कांड संख्या 1182/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर वन विशाल आनंद के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


गिरफ्तार आरोपियों में मो. रेहान (21) पिता मो. मुजम्मिल उर्फ खोखा ,मो. अशफाक (23) पिता मो. अमजद उर्फ खंजर,इनायत (20) पिता मो. मुमताज ,मो. महफूज (19) पिता मो. अख्तर उर्फ मुन्ना तथा मुन्ना उर्फ अख्तर (42) पिता बिलछू शामिल हैं। सभी आरोपी साकिन रामपाड़ा थाना नगर जिला कटिहार के निवासी हैं। एसपी ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही हत्याकांड में प्रयुक्त सामान भी बरामद किया है। बरामदगी में एक देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक स्कूटी, एक मोटरसाइकिल, एक चाकू और पांच मोबाइल फोन शामिल हैं।

कटिहार पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से अधिवक्ता हत्याकांड की जांच को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस के अनुसार अभी भी अपराधी फरार बताये जा रहे हैं। मामले में अग्रतर कार्रवाई जारी है। इस दौरान एसडीपीओ विशाल आनंद, नगर थानाध्यक्ष कुंदन कुमार सिंह, एसआई आर्यन कुमार आदि मौजूद रहे। घटना को लेकर पूर्णिया आईजी विवेकानंद ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर कार्रवाई का निर्देश एसपी को दिए थे।

Share this news

Leave a Comment