बोले- दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं
कटिहार -शहर के कुम्हार टोली, पटेल चौक के पास दिनदहाड़े अधिवक्ता गुड्डू अंसारी की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना के बाद इलाके में आक्रोश और चिंता का माहौल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद कटिहार सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव सदर अस्पताल पहुंचे, जहां मृत अधिवक्ता के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा था। उन्होंने घटना पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव ने घटना को लेकर बिहार की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार हत्या,चोरी और डकैती जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन अपराध पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि दिनदहाड़े एक अधिवक्ता की हत्या होना बेहद गंभीर और चिंताजनक घटना है। ऐसी घटनाओं से आम लोगों के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्गों में भी भय का माहौल बनता है।
उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, एक तरफ बाढ़ का पानी धीरे-धीरे कम हो रहा है, वहीं दूसरी तरफ अपराध का पानी बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाने की जरूरत है। सुनील कुमार यादव ने अधिवक्ता गुड्डू अंसारी की हत्या पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में वे पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से घटना की गंभीरता से जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी कटिहार के सांसद तारिक अनवर को भी दी गई है। उन्होंने कहा कि सांसद भी इस घटना को लेकर गंभीर हैं और पीड़ित परिवार के साथ संवेदना व्यक्त करते हैं। सांसद प्रतिनिधि ने उम्मीद जताई कि पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा करते हुए हत्या में शामिल अपराधियों को कानून के शिकंजे में लेगी।