दिघलबैंक (किशनगंज) मुरलीधर झा
सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत दिघलबैंक प्रखंड में मंगलवार से तीन दिवसीय सेवा सेतु शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर का आयोजन 6 से 8 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। इसका उद्देश्य आम लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध कराना है।
शिविर में आम नागरिकों के लिए एक ही स्थान पर कई विभागों से जुड़ी सेवाओं एवं योजनाओं की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इनमें आधार, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, कृषि, सहकारिता, पशुपालन, पंचायती राज, राजस्व एवं भूमि सुधार, स्वच्छता, निर्वाचन, श्रम संसाधन एवं विद्युत विभाग सहित अन्य सेवाएं शामिल हैं।
इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना समेत विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी एवं लाभ दिलाने की दिशा में भी शिविर के माध्यम से पहल की जा रही है। इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं प्राप्त करने में सुविधा होगी।
प्रखंड प्रशासन ने क्षेत्र के आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में सेवा सेतु शिविर में पहुंचकर उपलब्ध सेवाओं एवं सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।
शिविर में शम्स तबरेज, शिवम कुमार सिन्हा, प्रीति कुमारी, अवधेश झा, श्वेता कुमारी, दीपक कुमार, सर्वजीत कुमार, सूर्यकांत सहित विभिन्न विभागों के कर्मी उपस्थित रहे।