न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

पैसों के लालच में 14 वर्षीय बच्ची का बाल विवाह कराने की कोशिश नाकाम

किशनगंज प्रशासन और जन निर्माण केन्द्र की तत्परता से बचा नाबालिग का बचपन

मुरलीधर झा/दिघलबैंक

किशनगंज जिले में प्रशासन की तत्परता और सामाजिक संस्था जन निर्माण केन्द्र की सक्रियता से एक नाबालिग बच्ची का बाल विवाह होने से रोक दिया गया। मामला दिघलबैंक थाना क्षेत्र का है।


जानकारी के अनुसार सोमवार को जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के सहयोगी संस्था जन निर्माण केन्द्र, किशनगंज की टीम को गुप्त सूचना मिली कि थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बच्ची का विवाह कराया जा रहा है। संस्था ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी।


सूचना मिलते ही अनुमंडल पदाधिकारी-सह-बाल विवाह प्रतिषेध पदाधिकारी अनिकेत कुमार ने मामले का संज्ञान लेते हुए बाल विवाह रोकने के लिए त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया। उनके निर्देश पर प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-सहायक बाल विवाह प्रतिषेध पदाधिकारी बप्पी ऋषि के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम गठित की गई।

टीम स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं दिघलबैंक थाना पुलिस के सहयोग से तत्काल विवाह स्थल पर पहुंची। जांच के दौरान लड़की की उम्र से संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल की गई, जिसमें उसकी उम्र महज 14 वर्ष पाई गई। वहीं, जिस व्यक्ति से उसका विवाह कराया जा रहा था, उसकी उम्र 31 वर्ष बताई गई।


पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया कि बच्ची का परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है। आरोप है कि इसी परिस्थिति का फायदा उठाकर आर्थिक प्रलोभन के माध्यम से नाबालिग के विवाह की कोशिश की जा रही थी।
प्रशासनिक टीम और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को बाल विवाह से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी और विवाह की प्रक्रिया को तत्काल रुकवा दिया। बच्ची को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा से बचाने के साथ ही उसके भविष्य और अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में कार्रवाई की गई।


प्रशासन की त्वरित कार्रवाई और जन निर्माण केन्द्र की सजगता से एक नाबालिग का विवाह रुकना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने बाल विवाह जैसी कुप्रथा के खिलाफ की गई इस कार्रवाई की सराहना की।

Share this news

Leave a Comment