सागर चंद्रा/ किशनगंज
टाउन थाना क्षेत्र निवासी नाबालिग लड़की के लापता हो जाने का मामला सामने आया है। लड़की के परिजनों ने फुलवारी पासवान टोला निवासी मुस्तफा आलम पिता इब्राहीम आलम पर नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया है। मारवाड़ी कॉलेज रोड निवासी परिजन के लिखित शिकायत पर पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार गत 3 अक्टूबर की शाम जब परिजन काम कर घर वापस लौटे तो उन्हें 16 वर्षीय नाबालिग लड़की लापता मिली। घटना के बाद परिजनों ने रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों के साथ साथ हर संभव ठिकानों पर उसकी तलाश की। लेकिन उसे ढ़ूंढ़ निकालने में नाकाम रहे।
खोजबीन के दौरान परिजनों को पता चला कि फुलवारी पासवान टोला निवासी मुस्तफा आलम पिता इब्राहीम आलम उसे बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन पीड़िता की तलाश में मुस्तफा के घर पहुंचे। लेकिन मुस्तफा के परिजनों ने उन्हें मारपीट कर भगा दिया। नतीजतन घटना से हैरान और परेशान मदद की गुहार लगाने पुलिस के समक्ष जा पहुंचे।