सोनभद्र संवाददाता/ किशनगंज
महिला थाने की पुलिस ने दहेज हत्या मामले में फरार चल रहे आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बंगाल के चोपड़ा थाना क्षेत्र स्थित खुनिया गांव निवासी गौतम देवनाथ के रूप में की गई है। गिरफ्तार आरोपी से आवश्यक पूछताछ के बाद मंगलवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
बताते चलें कि आरोपी के विरुद्ध दलबाड़ी बहादुरगंज निवासी पुष्पा देवी ने दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर बेटी ओमी कुमारी की हत्या करने का आरोप लगाते हुए महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
पीड़ित मां ने बताया कि बेटी ओमी की शादी गत 10 मई 2023 को गौतम देवनाथ के साथ हुई थी। शादी के वक्त उसे यथासंभव उपहार देकर ससुराल विदा किया गया था। लेकिन शादी के बाद से ही पति और ससुराल वाले उसे दो लाख रुपये की मांग कर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे थे। हालांकि इस दौरान ओमी ने दो संतानों को जन्म भी दिया।
लेकिन प्रताड़ना का दौर जारी रहा। लगातार प्रताड़ना से तंग आकर ओमी ने फरवरी 2025में महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। लेकिन पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करा कर ओमी को ससुराल वापस भेज दिया।
लेकिन गत 20 जनवरी 2026 को पति और ससुराल वालों ने ओमी को आग के हवाले कर दिया। घटना में ओमी गंभीर रूप से झुलस गई थी। घटना के बाद मायके वालों ने उसका इलाज भी कराया। लेकिन गत 8 फरवरी 2026 को उसकी मौत हो गई थी।