शिक्षकों का कहना- बकाया राशि का भुगतान होने तक जारी रहेगा बंद; प्रभारी।
बीईओ ने एक सप्ताह में भुगतान का दिया आश्वासन
एमडीएम राशि बकाया होने से स्कूलों में बंद मध्यान्ह भोजन।
किशनगंज /विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र के सभी सरकारी विद्यालयों में पिछले पांच माह से मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) की राशि का भुगतान नहीं होने के कारण बच्चों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। राशि के अभाव में विद्यालयों में एक अक्टूबर से मध्यान्ह भोजन बंद कर दिया गया है। इससे विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिक्षक संघ से जुड़े शिक्षकों ने बताया कि मध्यान्ह भोजन संचालन के लिए पिछले पांच माह से राशि का भुगतान लंबित है।
इस संबंध में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सहित संबंधित विभाग के अधिकारियों को लिखित आवेदन देकर बकाया राशि के भुगतान की मांग की गई है। शिक्षकों का कहना है कि जब तक विगत पांच माह की बकाया एमडीएम राशि का भुगतान नहीं किया जाता है, तब तक विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन का संचालन बंद रहेगा।
इधर, मध्यान्ह भोजन बंद होने से विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को मिलने वाला पौष्टिक आहार भी प्रभावित हुआ है। अभिभावकों ने भी संबंधित विभाग से जल्द से जल्द बकाया राशि का भुगतान कर विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन योजना को पुनः सुचारू रूप से शुरू कराने की मांग की है।
इस संबंध में प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि शिक्षकों एवं प्रधानाध्यापकों की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि सभी प्रधानाध्यापकों को मध्यान्ह भोजन की बकाया राशि का भुगतान एक सप्ताह के अंदर किए जाने की बात कही गई है। विभागीय स्तर पर भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन व्यवस्था को पुनः शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है।