किशनगंज/प्रतिनिधि
किशनगंज जिले के ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत सुखानी थाना क्षेत्र के तातपौआ पंचायत स्थित कादोगांव रेलवे स्टेशन के पास रेलवे पटरी के नीचे से मिट्टी खिसकने का मामला सामने आया है। पटरी के नीचे सुरंग जैसी स्थिति बन गई है, जिससे किसी भी समय बड़ा रेल हादसा हो सकता है।
बताया जा रहा है कि अररिया-गलगलिया रेल खंड पर ठाकुरगंज के कादोगांव हॉल्ट के समीप रेल लाइन का किनारा कटकर नीचे बहने लगा है। रोकथाम के लिए बोरियों में मिट्टी भरकर डाला गया है, लेकिन इसके बावजूद स्थिति दयनीय बनी हुई है।
स्थानीय लोगों में इसको लेकर दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो बड़ा हादसा हो सकता है।
वहीं, इस मामले पर रेलवे के अधिकारी (SDRM) डी वर्मा ने दूरभाष पर बताया कि मामले की सूचना उन्हें मिल गई है। आज इंजीनियर और रेलवे के अधिकारी को स्थल पर भेजा जा रहा है। तत्काल कार्रवाई करते हुए मरम्मत कार्य किया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना न हो।
गौरतलब हो कि अररिया से गलगलिया तक नए रेलखंड की कुल लंबाई लगभग 110 से 111 किलोमीटर है। यह रेलखंड पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के कटिहार डिवीजन के अंतर्गत आता है, जो बिहार और पश्चिम बंगाल के सीमांचल क्षेत्र को आपस में जोड़ता है। इसी रेलखंड पर ठाकुरगंज से पौआखाली के बीच कादोगांव रेलवे स्टेशन स्थित है, जहां यह मामला सामने आया है।