न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर पति और ससुराल वालों ने विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला, केस दर्ज

सागर चंद्रा/ किशनगंज



दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर पति और ससुराल वालों के द्वारा विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़िता इंसाफ के लिए दर-दर भटकती रही। लेकिन न्याय नहीं मिलने पर उसने इंसाफ के लिए न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के निर्देश पर स्थानीय महिला थाने में केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


जानकारी के अनुसार गलगलिया थाना क्षेत्र के लकड़ी डीपू निवासी पीड़िता अप्सरा खातून की शादी वर्ष 2021 में गौरी हाट पोठिया निवासी मोकीम अंसारी पिता कमील अंसारी के साथ हुई थी। शादी के वक्त उसके मायके वालों ने सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए हैसियत से अधिक उपहार भी दिया था। शादी के प्रथम दो वर्ष तक उसने सुखमय वैवाहिक जीवन व्यतीत किया।

लेकिन इसके बाद पति और ससुराल वाले 03 भरी सोना, एक बाइक सहित दो लाख रूपया नगद की मांग करने लगे। मायके की आर्थिक स्थिति से भली-भांति परिचित पीड़िता ने जब रुपये मांगने से इंकार कर दिया तो ससुराल वाले उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। इस बीच पीड़िता अप्सरा एक बच्ची की मां भी बन गई। लेकिन ससुराल वालों का जुल्म कम नहीं हुआ।


गत 29 मई को पति मोकीम अंसारी ने दहेज की मांग कर अप्सरा की बेरहमी से पिटाई कर दी और तलाक देने की धमकी भी दे कर बाहर चला गया। परंतु 6 जून को पति के उकसावे पर ससुराल वालों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी और सोने-चांदी के जेवरात छीन कर उसे घर से बाहर निकाल दिया। घटना के दिन ही पीड़िता ने पुलिस के समक्ष न्याय की गुहार लगाई।

लेकिन उसकी गुहार पुलिस ने अनसुनी कर दी। जिससे आरोपियों के हौसले बुलंद हो गए। मामले को लेकर जब स्थानीय स्तर पर पंचायती की गई तो आरोपी पंचायत में भी उपस्थित नहीं हुए। नतीजतन अप्सरा इंसाफ के लिए न्यायालय की शरण में जा पहुंची।


महिला थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी ने बताया कि न्यायालय के आदेशानुसार पीड़िता की लिखित शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Share this news

Leave a Comment