न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

किशनगंज में ई-रिक्शा और ऑटो चालकों पर पुलिस सख्त

क्षमता से अधिक सवारी बैठाने और राजमार्गों पर परिचालन करने पर होगी कार्रवाई

सोनभद्र संवाददाता/किशनगंज

एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर किशनगंज पुलिस ने शहरी क्षेत्र के ई-रिक्शा और ऑटो चालकों के खिलाफ यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के लिए एक बड़ा अभियान शुरू किया है। एसपी संतोष कुमार द्वारा भ्रमण के दौरान पाया गया कि ई-रिक्शा और ऑटो चालकों द्वारा लगातार यातायात नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है, जिससे चौक-चौराहों पर जाम की स्थिति बन रही है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक यातायात राजेश कुमार सिंह और यातायात थानाध्यक्ष संदीप कुमार को सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।


पुलिस प्रशासन ने ई-रिक्शा और ऑटो चालकों को नियमों में सुधार करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया है। 12 अक्टूबर के बाद यदि कोई भी चालक अपने वाहन पर निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी बैठाकर ले जाते हुए पकड़ा गया, तो उसके खिलाफ विधि सम्मत और जुर्माने की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

राजमार्गों और स्कूली बच्चों को लेकर सख्त निर्देश

पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कुछ नियमों का पालन करना अनिवार्य कर दिया गया है। जिसमें
ई-रिक्शा और ऑटो का परिचालन अब हाई-वे और स्टेट हाईवे पर पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।छोटे स्कूली बच्चों को ई-रिक्शा में बैठाकर असुरक्षित परिचालन करने पर सख्त मनाही है। नियमों के उल्लंघन की पुनरावृत्ति होने पर संबंधित ई-रिक्शा या ऑटो को सीधे जब्त कर लिया जाएगा।

पुलिस की अपील

एसपी संतोष कुमार ने सभी चालकों से अपील की है कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें। इसके साथ ही आम जनता के लिए संदेश जारी किया गया है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचित करें, किशनगंज पुलिस हमेशा जिलेवासियों की सेवा में तत्पर है।

Share this news

Leave a Comment