न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

हैदराबाद से लौटा जवान बेटे का शव,परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

कुरसेला /कटिहार – प्रखंड क्षेत्र के उत्तरी मुरादपुर पंचायत के बल्थी महेशपुर नवटोलिया गांव में सोमवार को उस समय मातम पसर गया। जब हैदराबाद से 19 वर्षीय सोनू कुमार का शव उसके घर पहुंचा। जवान बेटे का शव देखते ही परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया। परिजनों ने बताया कि सोनू कुमार पिता उमेश मंडल, परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण रोजी-रोटी की तलाश में हैदराबाद गया था।

वहां वह मकान निर्माण कार्य में मजदूरी करता था। दो अक्तूबर को निर्माणाधीन मकान में काम करने के दौरान अचानक तीन मंजिला इमारत से ईंट गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोनू की मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट और गहरा गया है।

ग्रामीणों के अनुसार सोनू कम उम्र में ही परिवार की जिम्मेदारी संभालने लगा था। उसके पिता उमेश मंडल की तबीयत अक्सर खराब रहती है। छोटा भाई दिव्यांग बताया जा रहा है, जबकि बहन की शादी भी होनी है।

ऐसे में परिवार की उम्मीदें सोनू पर टिकी थी। जवान बेटे की मौत के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक तीन भाई बहनों में सबसे बड़ा था। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।

Share this news

Leave a Comment