न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

कटिहार में दिनदहाड़े युवा अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या‌‌,जांच में जुटी पुलिस

चार हमलावरों ने घेरकर पहले चाकू से गोदा, फिर सिर में मारी गोली

घटना का वीडियो सामने आया , पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका

24 घंटे के अंदर अपराधियों की होगी गिरफ्तारी – एसपी

कटिहार – नगर थाना क्षेत्र के पटेल चौक के पास स्थित कुम्हार टोली के मुख्य सड़क पर सोमवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने एक युवा अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दी। बाजार के बीच हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना दस साढ़े दस बजे दिन की बताई जा रही है। मृतक की पहचान अधिवक्ता अलीमुद्दीन अंसारी उर्फ गुड्डू अंसारी (35) रोजितपुर के रूप में हुई है। गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल अधिवक्ता को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

चार हमलावरों ने घेरकर किया हमला

स्थानीय लोगों के अनुसार अधिवक्ता को सड़क पर बाइक सवार चार लोगों ने घेर लिया। इस दौरान उनके साथ पहले मारपीट की गई। फिर चाकू से वार किया।अधिवक्ता के गिरने के बाद हमलावरों ने उनके सिर में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। गोली लगने के बाद अधिवक्ता सड़क किनारे फुटपाथ की सीढ़ियों पर गिर पड़े। अचानक हुई गोलीबारी से आसपास अफरा-तफरी मच गई।घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है। जिसमें कुछ हमलावर अधिवक्ता को घेरते नजर आ रहे हैं। वीडियो में गोली चलाने के बाद हमलावरों के मौके से निकलने की बात सामने आई है। हालांकि वीडियो को पुलिस अपने स्तर से पुष्टि कर है।

पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका

मृतक के रिश्तेदारों ने कुछ लोगों पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है। रिश्तेदारों के अनुसार आरोपी मृतक के घर के आसपास ही रहने वाले हैं। बताया गया कि करीब दो-तीन महीने पहले किसी विवाद को लेकर गुड्डू अंसारी और आरोपियों के बीच बहस हुई थी। उस दौरान उन्हें गोली मारने की धमकी भी दी गई थी। इसी पुरानी रंजिश को हत्या की वजह माना जा रहा है।

सीसीटीवी और वीडियो फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी। सदर एसडीपीओ विशाल आनंद ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही सामने आए लाइव वीडियो की भी जांच कर रही है।

हत्या के कारण और आरोपियों की पहचान को लेकर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। मौके पर पहुंचे एसपी परिचय कुमार ने बताया कि घटना को चार लोगों ने मिलकर अंजाम दिया है। 24 घंटे के अंदर अपराधियों की गिरफ्तारी होगी। नगर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। शहर के पटेल चौक और हरिगंज के आसपास तीन चार हत्या की घटना घटित होने पर सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्न चिन्ह लगा दिया है।

रिपोर्ट: सत्येंदु सुमन

Share this news

Leave a Comment