न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

जितिया पर्व पर हाटगांव व चैनपुर चौक में सजा मेला, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह

प्रखंड क्षेत्र में जितिया पर्व के अवसर पर रविवार को श्रद्धा एवं उल्लास का माहौल रहा। चिल्हनियां पंचायत के हाटगांव एवं चैनपुर चौक में जितिया भगवान की प्रतिमा स्थापित कर भव्य मेले का आयोजन किया गया। पर्व को लेकर सुबह से ही दोनों स्थानों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई थी। दिन चढ़ने के साथ मेले में लोगों की भीड़ बढ़ती गई।जितिया भगवान की प्रतिमा के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

महिलाओं ने अपने परिवार की सुख-समृद्धि एवं संतान की लंबी आयु की कामना को लेकर विधि-विधान से पूजा की। मंदिर एवं पूजा स्थल पर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। मेले में बच्चों से लेकर युवाओं और बुजुर्गों तक में उत्साह देखने को मिला।

मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानें सजाई गई हैं। खाने-पीने की सामग्री, खिलौने, घरेलू सामान सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं की दुकानों पर लोगों की अच्छी भीड़ रही। बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले भी लगाए गए हैं, जिसका बच्चों ने जमकर आनंद उठाया। मेले के कारण दोनों स्थानों पर पूरे दिन चहल-पहल बनी रही।


मेले के आयोजन को सफल बनाने में समिति के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समिति के सदस्य मुनम चंद मंडल, कपिल मंडल, भीमचंद मंडल, अविनाश मंडल सहित दर्जनों सदस्यों ने आयोजन की व्यवस्था संभालने में सक्रिय भूमिका निभाई। स्थानीय लोगों ने बताया कि जितिया पर्व के अवसर पर प्रत्येक वर्ष यहां मेले का आयोजन किया जाता है, जिसमें आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।

Share this news

Leave a Comment