स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश, मंत्री डॉ दिलीप जायसवाल ने खुद संभाली झाड़ू, किया वृक्षारोपण
चुनी हुई सरकार के खिलाफ दलीय राजनीति से प्रभावित होकर अराजकता फैलाने वालों को खदेड़ देगी जनता
राजेश दुबे/किशनगंज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत रविवार को शहर के भूतनाथ गौशाला मंदिर परिसर में भाजपा द्वारा स्वच्छता अभियान एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल शामिल हुए। उन्होंने स्वयं सफाई अभियान में हिस्सा लिया और पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में डॉ. जायसवाल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी सत्ता की लालच में देश में अराजकता और अस्थिरता का माहौल पैदा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने चुनी हुई सरकार को वर्ष 2029 तक शासन करने का जनादेश दिया है। ऐसे में भ्रामक प्रचार के जरिए सरकार को अस्थिर करने की कोशिश लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है।
एसआईआर को लेकर राहुल गांधी से पूछे तीन सवाल
एसआईआर को लेकर मंत्री ने राहुल गांधी से सवाल करते हुए कहा कि जिन मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है या जिनके नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज हैं, क्या ऐसे नाम मतदाता सूची से नहीं हटने चाहिए? उन्होंने कहा कि यदि किसी राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद एसआईआर सही है और जहां कांग्रेस की सरकार नहीं बनी वहां वही प्रक्रिया गलत हो जाती है, तो यह दोहरी नीति है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि एसआईआर को लेकर दोहरी नीति नहीं चलेगी।
डॉ. जायसवाल ने पायलट स्मित मच्छार के मुद्दे को लेकर भी राहुल गांधी पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के पास इस मामले में एक ट्वीट करने तक का समय नहीं है। देश की जनता सब कुछ देख रही है और समय आने पर इसका जवाब भी देगी।
मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे विपक्ष के आंदोलन पर भी मंत्री ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि दलीय राजनीति से प्रभावित होकर चुनी हुई सरकार के कामकाज में बाधा डालने की कोशिश की गई तो जनता इसका जवाब देगी।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान
इससे पहले सेवा संकल्प अभियान को लेकर मंत्री ने कहा कि भाजपा की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने सेवा को अपना संकल्प माना है। इस दौरान रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, पौधारोपण सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि आगामी 7 अक्टूबर को सेवा ज्योति यात्रा किशनगंज पहुंचेगी, जिसमें हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि कलटैक्स चौक का नाम ‘सेवा ज्योति चौक’ किए जाने का अनुरोध भी किया गया है।
कार्यक्रम में राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष लखविंदर सिंह, गोपाल मोहन सिंह, हरि अग्रवाल, कौशल यादव, संजय उपाध्याय, सुभाष यादव, राकेश गुप्ता, राजीव चौहान, सुबोध महेश्वरी, लखवीर कौर, सोनी देवी, ज्योति कुमार सोनू, जय किशन प्रसाद, राजेश गुप्ता, संजय पासवान सहित भाजपा के दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।