दिगंबर जैन भवन में विहिप-बजरंग दल की भव्य विचार गोष्ठी, वक्ताओं ने जीवन और योगदान को किया याद
किशनगंज/प्रतिनिधि
विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल की ओर से स्वर्गीय अशोक सिंघल की जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर रविवार को शहर के दिगंबर जैन भवन में भव्य विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मंत्री अरुण कुमार समेत अन्य अतिथियों ने किया।
इस दौरान अशोक सिंघल के जीवन, उनके कार्यों तथा सामाजिक-सांस्कृतिक योगदान को याद करते हुए उनके विचारों और संकल्पों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए विहिप के केंद्रीय मंत्री अरुण कुमार ने कहा कि अशोक सिंघल ने अपना पूरा जीवन राष्ट्र और समाज के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि उनके प्रयासों का परिणाम है कि आज हिंदू समाज अपने गौरव और पहचान के साथ खड़ा होकर कहता है कि वह हिंदू है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अशोक सिंघल के विचारों और उनके जीवन संघर्ष से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
विश्व हिंदू परिषद के प्रांत मंत्री राणा रणधीर सिंह ने कहा कि अशोक सिंघल की जन्मशती केवल स्मरण का अवसर नहीं, बल्कि हिंदू समाज की समस्याओं के समाधान के लिए संकल्प लेने का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि उनके विचारों और कार्यों को समाज के बीच पहुंचाने की जरूरत है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने अशोक सिंघल के सामाजिक एवं सांस्कृतिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला और उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज व राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विहिप जिला अध्यक्ष मनोज गट्टाणी, सुनील तिवारी, राकेश कुमार, विक्रम, छोटू पासवान, सुशांत गोप, अमर चंद यादव, मुकेश मलिक, गणेश सिंह, सुमित मिश्रा सहित संघ विचार परिवार से जुड़े सैकड़ों कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।