संवाददाता/ किशनगंज
किशनगंज जिले के ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत कुर्लीकोर्ट थाना क्षेत्र में रविवार शाम को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। थाना के समीप एनएच 327 ई पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई और सड़क किनारे खेत में पलट गई।
बताया जा रहा है कि कार का नंबर WB92C1497 है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने मानवता का परिचय देते हुए तुरंत घायलों को कार से बाहर निकाला और ठाकुरगंज स्थित नियाज हॉस्पिटल में भर्ती कराया। अस्पताल में तीनों का गंभीर स्थिति में इलाज चल रहा है।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही कुर्लीकोर्ट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष अभिषेक गुप्ता ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी घायल बाघमारा, ठाकुरगंज के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है।
थानाध्यक्ष ने लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय सावधानी बरतें, तेज गति से वाहन न चलाएं और सीट बेल्ट का प्रयोग जरूर करें। थोड़ी सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।