बीएमपी-7 के सीढ़ी घाट में स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत विशेष सफाई कार्यक्रम
जल निकाय को किया गया स्वच्छ
कटिहार – स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के अंतर्गत रविवार को नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत बीएमपी-7 स्थित सीढ़ी घाट में जल निकाय की साफ-सफाई एवं स्वच्छता को लेकर ‘एक दिन,एक घंटा,एक साथ’ विशेष श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जल निकाय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाकर कचरे एवं गंदगी को हटाया गया।
श्रमदान के माध्यम से लोगों को जल स्रोतों को स्वच्छ एवं संरक्षित रखने तथा अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया।इस अवसर पर महापौर उषा देवी अग्रवाल के साथ सशक्त स्थायी समिति सदस्य प्रमोद महतो,आलोक वर्मा एवं नितेश सिंह,वार्ड संख्या 02 के पार्षद प्रतिनिधि मो. जमा, कनीय अभियंता अजय कुमार सिंह, सहायक स्वच्छता पदाधिकारी राहुल कुमार एवं नूर अली खान सहित नगर निगम के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्काउट एवं गाइड तथा स्वयंसेवकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए श्रमदान किया और स्वच्छता अभियान में अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई।
नगर निगम की ओर से नागरिकों से अपील की गई कि जल निकायों, पोखरों एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में सक्रिय सहयोग करें तथा कूड़ा-कचरा जल स्रोतों एवं सार्वजनिक स्थानों पर न डालें। सामूहिक सहभागिता और जनभागीदारी से ही स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ कटिहार का निर्माण संभव है।