सागर चंद्रा/ किशनगंज
प्यार व शादी करने का झांसा देकर एक युवक ने साथ काम करने वाली युवती के साथ दुष्कर्म किया। लगातार दुष्कर्म किए जाने से जब युवती गर्भवती हो गई तो आरोपी युवक उसे छोड़कर केरल चला गया। घटना से हैरान और परेशान पीड़िता जब घटना की शिकायत लेकर आरोपी के घर पहुंची तो उसके परिजनों ने पीड़िता के साथ दुर्व्यवहार कर उसे भगा दिया। हालांकि मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर पंचायती भी की गई।
लेकिन पंचायत से न्याय नहीं मिलने पर पीड़िता इंसाफ की गुहार लगाने पुलिस के समक्ष जा पहुंची। पीड़िता के लिखित शिकायत पर स्थानीय महिला थाने में केस दर्ज कर पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार पिता की मौत के बाद टाउन थाना क्षेत्र निवासी 18 वर्षीय पीड़िता एक पत्ती मिल में मजदूरी कर किसी तरह अपना भरण-पोषण करती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात मिल में काम करने वाले सिमलबाड़ी निवासी मोनू मूर्मू (20) पिता पलटन मूर्मू के साथ हुई। दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई।
मोनू ने उसे शादी करने का झांसा दिया। जब पीड़िता झांसे में आ गई तो मोनू उसके साथ दुष्कर्म करने लगा। मील में कार्य समाप्ति के बाद जब वह घर वापस जाती तो मोनू एक सुनसान स्थान पर उसके साथ दुष्कर्म करता था। इस दौरान पीड़िता जब भी मोनू पर शादी करने का दबाव बनाती थी तो वह टालमटोल करने लगता था।
इसी बीच गत 17 अप्रैल को मोनू पत्ती मिल में काम छोड़कर केरल चला गया। उसने पीड़िता को केरल से वापस लौटने के बाद शादी करने का वादा भी किया था। इसी दौरान पीड़िता को पता चला कि वह गर्भवती हो गई है। पीड़िता ने जब गर्भवती होने की जानकारी मोनू को फोन कर दी, तो वह गर्भपात कराने का दबाव बनाने लगा। लेकिन पीड़िता ने गर्भपात कराने से इंकार कर दिया।
हालांकि इसके बावजूद भी पीड़िता मोनू पर लगातार शादी करने का दबाव बनाती रही। लेकिन गत 16 सितंबर से मोनू ने पीड़िता के साथ बातचीत करना बंद कर दिया। नतीजतन पीड़िता 18 सितंबर को शादी की बात करने मोनू के घर पहुंच गई। लेकिन मोनू के परिजनों ने उसे दुर्व्यवहार व मारपीट कर भगा दिया।
परिजनों के द्वारा हत्या करने की धमकी दिए जाने से पीड़िता भयभीत हो गई और घटना की शिकायत लेकर महिला थाने पहुंच गई। महिला थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी ने बताया कि पीड़िता के लिखित शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।