इरफान/पोठिया
पोठिया पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बिहार और पश्चिम बंगाल से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ठाकुरगंज एसडीपीओ-02 मनोज कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य दिन में घरों की रेकी करते थे और चोरी की योजना के तहत रसोईघर में रखे खाने में नशीला पदार्थ मिला देते थे। इसके बाद रात में घर के सदस्यों को बेहोश कर अथवा घर बंद रहने का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले से करीब 401 ग्राम चांदी के आभूषण और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने पूछताछ के आधार पर पोठिया थाना क्षेत्र में गृहभेदन के चार मामलों का उद्भेदन करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को पनासी वार्ड संख्या-15 निवासी अनवरी बेगम, पति स्व. कासिम के आवेदन पर पोठिया थाना कांड संख्या 381/2026 दर्ज किया गया था। आवेदन में बताया गया था कि 25 अक्टूबर की रात करीब एक बजे अज्ञात चोरों ने उनके बंद घर का ताला तोड़कर पेटी और ट्रंक में रखे सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी चोरी कर ली थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक किशनगंज के निर्देश पर एसडीपीओ-02 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। मानवीय और तकनीकी सूचना के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें फोजील उर्फ फोचो (50), पिता दिनकाटू, निवासी पोखरपाड़ा, थाना इस्लामपुर, जिला उत्तर दिनाजपुर (पश्चिम बंगाल), राजेश राय (28), पिता रीतू बारेन रॉय, निवासी ललितगच्छ, थाना चोपड़ा, जिला उत्तर दिनाजपुर (पश्चिम बंगाल) तथा नीलोफर (19), पति रहारुल, निवासी पनासी वार्ड संख्या-15, थाना पोठिया, जिला किशनगंज शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पश्चिम बंगाल पुलिस के सहयोग से उत्तर दिनाजपुर जिले के लाल बाजार थाना क्षेत्र के दासपाड़ा स्थित एक आभूषण दुकान से चोरी के करीब 401 ग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए गए। इसके अलावा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी और चोरी के शेष सामान की बरामदगी के लिए बिहार, पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों में छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास का भी पता लगाया जा रहा है।
कार्रवाई में ठाकुरगंज एसडीपीओ-02 मनोज कुमार सिंह, ठाकुरगंज अंचल पुलिस निरीक्षक पंकज पंथ, जिला आसूचना इकाई प्रभारी मो. मुश्ताक, पोठिया थानाध्यक्ष संजय पाण्डेय, ठाकुरगंज थानाध्यक्ष अंजय अमन, पहाड़कट्टा थानाध्यक्ष फुलेंद्र कुमार, सलाउद्दीन अंसारी, पिंकी कुमारी सहित जिला आसूचना इकाई, पोठिया, ठाकुरगंज एवं पहाड़कट्टा थाना के पुलिस पदाधिकारियों, सशस्त्र बल और चालक की अहम भूमिका रही।