न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व संपन्न

‘उठऽ सूरूज भइले बिहान…’ के पारंपरिक गीतों से गूंजते रहे गंगा घाट

सूर्योपासना में लीन दिखे व्रती और श्रद्धालु

मनिहारी /कटिहार – लोक आस्था, पवित्रता, कठोर नियम,संयम और आत्मानुशासन का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के साथ श्रद्धा और भक्तिभाव के वातावरण में संपन्न हो गया। इस अवसर पर मनिहारी उत्तरवाहिनी गंगा तट सहित विभिन्न निर्मल जल वाले सरोवरों और तालाबों पर अहले सुबह से ही छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।

अंधकार से प्रकाश की ओर अग्रसर होती प्रकृति के बीच गंगा तट पर छठ के पारंपरिक लोकगीत ‘उठऽ सूरूज भइले बिहान, अरघ के बेर भइले…’ और ‘ऊगी हे सूरज देव भइले बिहान’ की मधुर स्वर लहरियां वातावरण को भक्तिमय बना रही थीं। हाथों में पूजन सामग्री से सजे सूप, डाला और फल-प्रसाद लिए व्रती भगवान सूर्य के दर्शन की प्रतीक्षा में जल में खड़े होकर उनकी आराधना में तल्लीन थे। सूर्य की पहली किरण क्षितिज पर दिखाई देते ही उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने का सिलसिला शुरू हो गया।

व्रतियों ने दूध एवं गंगाजल मिश्रित अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्यता और लोककल्याण की कामना की।इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी त्रिलोकी नाथ सिंह एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिनोद कुमार सिंह भी व्रती के रूप में गंगा तट पर जल के बीच खड़े होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करते नजर आए। वहीं सूबे के एसटी आयोग के पूर्व अध्यक्ष शंभू सूमन तथा राज्य परिषद सदस्य संजीव श्रीवास्तव ने भी श्रद्धापूर्वक सूर्योपासना की।

महापर्व के दौरान व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा, संरक्षा और सुरक्षा को लेकर प्रशासनिक स्तर पर व्यापक इंतजाम किए गए थे। गंगा तट को आकर्षक एवं सुरुचिपूर्ण ढंग से सजाया गया था। घाटों पर रोशनी, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था के तहत चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल के जवान एवं अधिकारी तैनात रहे।

पुलिस निरीक्षक पप्पु कुमार तथा थानाध्यक्ष संतोष कुमार झा लगातार भ्रमणशील रहकर गंगा तट सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बनाए हुए थे। वहीं गंगा के जलमार्ग में मोटर चालित नाव के माध्यम से एसडीआरएफ की टीम लगातार निगरानी कर रही थी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल बचाव एवं राहत कार्य किया जा सके। प्रशासनिक सतर्कता और सुरक्षा इंतजामों के बीच श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।


चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व के समापन के साथ ही गंगा तट सहित पूरे क्षेत्र में भक्ति,आस्था और उल्लास का वातावरण देखने को मिला। छठ महापर्व ने एक बार फिर प्रकृति, जल, सूर्य और मानव जीवन के पारस्परिक संबंधों के प्रति कृतज्ञता तथा सामाजिक समरसता का संदेश दिया।

Share this news

Leave a Comment