न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

पुलिस ने बिजली तार चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का किया पर्दाफाश,एक आरोपी गिरफ्तार,लगभग 12 क्विंटल तार बरामद

सागर चंद्रा/ किशनगंज


टाउन थाने की पुलिस ने 24 घंटे के भीतर बिजली तार चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जबकि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। खाड़ी बस्ती, महीन गांव निवासी 24 वर्षीय आरोपी आसिफ रजा पिता मोतिउर्रहमान की निशानदेही पर पुलिस ने लगभग 12 क्विंटल तार भी बरामद किया है।

गिरफ्तार आरोपी से आवश्यक पूछताछ के बाद शनिवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार गत शुक्रवार को विद्युत आपूर्ति प्रशाखा ग्रामीण के कनीय विद्युत अभियंता शक्ति कुमार ने टाउन थाना में तार चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी।

उनका कहना था कि अज्ञात चोरों ने लंबा बस्ती, खान चौक एवं गाछपाड़ा खाड़ी बस्ती के निकट 3.1 किलोमीटर, भेड़िया डांगी ब्लॉक स्थित बियाडा के निकट 3.60 किलोमीटर और चकला आदर्श पब्लिक स्कूल के निकट 3.15 किलोमीटर तक 11 केवी के एलटी तार चोरी कर लिया था। जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। कनीय अभियंता के लिखित शिकायत पर टाउन थाने में केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई थी।


वहीं एसपी संतोष कुमार ने घटना को गंभीरता से लेते हुए मामले के उद्भेदन के लिए एसडीपीओ खुसरू सिराज के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया। टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर खाड़ी बस्ती एक कबाड़ी की दुकान में छापेमारी कर 12 क्विंटल विद्युत का तार बरामद कर कबाड़ी दुकानदार आशिक रजा को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ के दौरान बताया कि उसके गिरोह में किशनगंज, अररिया तथा बंगाल के अपराधी शामिल हैं। जिनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

Share this news

Leave a Comment