कुरसेला /कटिहार – बरारी थाना क्षेत्र के मधेली गांव में शनिवार देर रात आग लगने से एक मुर्गी फार्म पूरी तरह जलकर राख हो गया। अगलगी की घटना में फार्म मालिक कमलेश्वरी मंडल को लाखों रुपये की क्षति होने का अनुमान है। जानकारी के अनुसार देर रात लोग अपने घरों में सो रहे थे। इसी दौरान मुर्गी फार्म से धुआं उठता देख ग्रामीणों को आग लगने की जानकारी मिली।
जब तक लोग मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास करते, तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। देखते ही देखते पूरा फार्म आग की चपेट में आ गया। घटना की सूचना मिलते ही कुरसेला से मिनी दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
आग की भयावहता को देखते हुए बरारी से भी दमकल वाहन बुलाया गया। इसके बाद दोनों जगहों की दमकल टीमों ने घंटों मशक्कत कर आग पर काबू पाया। हालांकि, दमकल कर्मियों के प्रयास के बावजूद मुर्गी फार्म को जलने से नहीं बचाया जा सका। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद गांव में अफरातफरी का माहौल रहा।