सागर चंद्रा/ किशनगंज
बिशनपुर थाना कांड संख्या 34/2026 के विचाराधीन बंदी अनवर हुसैन पिता मोहम्मद इस्लाम का जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, भागलपुर में ईलाज के दौरान मौत हो जाने मामले में टाउन थाने में यूडी केस दर्ज किया गया है। मंडल कारा अधीक्षक धर्मेंद्र कुमार की लिखित शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बताते चलें कि आरोपी अनवर हुसैन को पुलिस ने गत 7 जुलाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लेकिन जेल में तबीयत बिगड़ जाने के बाद गत 27 सितंबर को उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां से उसे एमजीएम मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया था। लेकिन एमजीएम से भी उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। नतीजतन अनवर हुसैन को वापस सदर अस्पताल लाया गया। जहां जांच में अनवर के शरीर में खून की कमी पाई गई।
जेल के कर्मियों ने मानवता का परिचय देते हुए अनवर की जान बचाने के लिए दो युनिट रक्तदान भी किया था। लेकिन तीन सदस्यीय मेडिकल बोर्ड की अनुशंसा पर उसे 29 सितंबर को बेहतर जांच और ईलाज के लिए जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, भागलपुर में भेजा गया। जहां गत गुरुवार को दोपहर 1:20 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
शुक्रवार को भागलपुर में शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे किशनगंज भेज दिया गया है।
ज्ञातव्य है कि किशनगंज अनवर और उसकी प्रेमिका डेजी प्रवीण ने मिलकर विशनपुर निवासी रिजवान की हत्या कर दी थी। रिजवान के विदेश से लौटने के बाद पत्नी डेजी प्रवीण को अपने 10 साल छोटे प्रेमी के साथ मिलने में कठिनाई हो रही थी।
रास्ते के कांटे को साफ करने के लिए दोनों ने मिलकर 4 जुलाई की रात रिजवान के सिर पर लोहे के रॉड से वार कर उसकी हत्या कर दी और मामले को लूटपाट का रूप देने की कोशिश की थी। लेकिन पुलिस ने घटना के 48 घंटे के भीतर मामले का उद्भेदन करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।