कटिहार – स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के अंतर्गत नगर निगम कटिहार की ओर से एक पेड़ माँ के नाम कार्यक्रम के तहत वार्ड संख्या 7 में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर नगर आयुक्त संतोष कुमार एवं स्थानीय वार्ड पार्षद आलोक वर्मा ने वार्ड में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल एवं संरक्षण के लिए लोगों को प्रेरित किया गया।
इस मौके पर नगर आयुक्त संतोष कुमार ने कहा कि वृक्ष हमारे पर्यावरण के संरक्षण के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने नागरिकों से पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की देखभाल करने की अपील की।वहीं वार्ड पार्षद आलोक वर्मा ने वार्डवासियों से अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा अपने आसपास हरित वातावरण विकसित करने का आह्वान किया।
नगर निगम कटिहार द्वारा एक पेड़ माँ के नाम अभियान के माध्यम से शहरवासियों को पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली बढ़ाने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है।