कटिहार- जिला के 53वें स्थापना दिवस के अवसर पर कृषि विभाग की ओर से पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय,कोलासी में कृषि संबंधी विषयों पर विद्यार्थियों के बीच क्विज एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साह, जिज्ञासा एवं सक्रिय सहभागिता का परिचय दिया।कार्यक्रम में विशेषज्ञ के तौर पर सहायक निदेशक रसायन, मिट्टी जाँच प्रयोगशाला अमितेश कुमार तथा एवं सहायक निदेशक, पौधा संरक्षण जय किशन कुमार ने भी भाग लिया।
मृदा परीक्षण,कृषि विज्ञान, फसल उत्पादन एवं पौधा संरक्षण से संबंधित प्रश्नों को लेकर आयोजित क्विज प्रतियोगिता में 28 तथा प्राकृतिक खेती, वर्षा जल संचयन एवं मृदा परीक्षण एवं समसामयिक विषय को लेकर आयोजित निबंध लेखन प्रतियोगिता में 30 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
अमितेश कुमार ने विद्यार्थियों को मृदा परीक्षण, मृदा स्वास्थ्य एवं संतुलित उर्वरक प्रबंधन के महत्व की जानकारी दी।तो वहीं जय किशन कुमार द्वारा फसलों में कीट एवं रोग प्रबंधन तथा वैज्ञानिक पौधा संरक्षण की उपयोगी जानकारी साझा की गई।इस दौरान विद्यार्थियों को कृषि विज्ञान के विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध करियर के अवसरों के बारे में भी जानकारी दी गई। कृषि,अनुसंधान,मृदा विज्ञान,पौधा संरक्षण, कृषि अभियांत्रिकी एवं अन्य संबंधित क्षेत्रों में भविष्य की संभावनाओं को लेकर करियर काउंसलिंग की गई।
विशेषज्ञों के साथ संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने कृषि एवं पर्यावरण से जुड़े विभिन्न विषयों को लेकर सवाल भी किया।प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र, डायरी एवं कलम से पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्राचार्य डॉ. हरे कृष्ण कुमार, वरिष्ठ शिक्षक डॉ. संजीव कुमार तथा प्रखंड कृषि पदाधिकारी सुश्री प्रिया कुमारी की भूमिका अहम रही। विद्यालय प्रबंधन एवं कृषि विभाग के समन्वय से विद्यार्थियों को प्रतियोगिता के साथ-साथ कृषि विज्ञान, वैज्ञानिक सोच एवं भविष्य के करियर विकल्पों से जोड़ने का प्रयास किया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को मृदा स्वास्थ्य, प्राकृतिक खेती, वर्षा जल संरक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग तथा वैज्ञानिक पौधा संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों से जोड़ा गया। विशेषज्ञों के साथ संवाद एवं करियर काउंसलिंग के दौरान विद्यार्थियों ने कृषि विज्ञान को लेकर अपनी जिज्ञासा व्यक्त की और भविष्य में इस क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न अवसरों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
बच्चो के द्वारा संयुक्त कृषि भवन कटिहार अंतर्गत मिट्टी जाँच प्रयोगशाला का भ्रमण कर इसके विधियों एवम तकनीक को समझने का जिज्ञासा व्यक्त की गई। १जिला कृषि पदाधिकारी -सह – परियोजना निदेशक आत्मा, कटिहार राजीव कुमार ने विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय स्तर पर इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने, कृषि विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने तथा कृषि, पर्यावरण एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।