अररिया/अरुण कुमार
बरदाहा थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार तीन अपराधियों द्वारा हथियार के बल पर मोबाइल लूट की घटना का उद्भेदन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से लूटा गया मोबाइल, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल समेत अन्य सामान बरामद किया है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि 15 सितंबर 2026 को मोटरसाइकिल सवार तीन अपराधियों ने मुकेश कुमार मलिक को रास्ते में जबरन रोककर देसी कट्टा दिखाया और मोबाइल लूट लिया था। मामले को लेकर बरदाहा थाना कांड संख्या 52/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने अररिया जिले के सिमराहा थाना क्षेत्र के मानिकपुर वार्ड संख्या-09 निवासी अर्जुन कुमार (22) को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर लूटा गया मोबाइल बरामद किया। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, एक अन्य मोबाइल और 2100 रुपये नकद भी बरामद किए गए। श्री कुमार ने कहा कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
कार्रवाई में बरदाहा थाना के पुलिस पदाधिकारी और डीआईयू टीम शामिल रही।