न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

मुख्य चुनाव आयुक्त पर सहनी के बयान को उपेंद्र कुशवाहा ने बताया दुर्भाग्यपूर्ण

संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा और विश्वसनीयता बनाए रखना जरूरी, समस्तीपुर की घटना पर भी जताया दुख

पटना : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी के विवादित बयान पर राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। मुकेश सहनी ने मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर गोली मारने संबंधी टिप्पणी की थी, जिसके बाद राजनीतिक हलकों में विवाद तेज हो गया है। गौरतलब हो कि मुकेश सहनी ने कहा था कि चुनाव आयोग भाजपा आयोग बन चुकी है,अगर एक खून माफ होता तो मैं ज्ञानेश कुमार को गोली मार देता।

श्री कुशवाहा ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ इस तरह की आपत्तिजनक टिप्पणी को लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा और विश्वसनीयता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने के लिए लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके अपनाए जाने चाहिए।

मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर दो चुनाव आयुक्तों की ओर से उठाए गए सवालों पर भी कुशवाहा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं से जुड़े मामलों में गंभीरता और मर्यादा का पालन जरूरी है।

समस्तीपुर की घटना पर जताया दुख

जमुई के बाद समस्तीपुर में छात्रा के साथ छेड़खानी की घटना पर भी उपेंद्र कुशवाहा ने दुख जताया।मालूम हो समस्तीपुर में छात्रा के साथ कथित अभद्रता का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

कुशवाहा ने कहा कि ऐसी घटनाओं में शामिल लोगों को चिन्हित किया जाना चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।

Share this news

Leave a Comment