शिक्षकों ने पहले खुद किया रक्तदान, 14 विद्यार्थियों ने भी स्वेच्छा से किया रक्तदान
किशनगंज:राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) दिवस के अवसर पर डॉ. कलाम कृषि महाविद्यालय, किशनगंज में बुधवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में मानव सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और जनकल्याण की भावना को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. के. सत्यनारायण के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।
प्राचार्य डॉ. के. सत्यनारायण ने स्वयं रक्तदान कर विद्यार्थियों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। स्वस्थ व्यक्ति का रक्तदान किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में अहम भूमिका निभा सकता है।
शिविर में महाविद्यालय के शिक्षकों एवं वैज्ञानिकों ने भी स्वेच्छा से रक्तदान किया। इनमें डॉ. बासुदेव कोले, डॉ. सरकील, डॉ. मोहसिना अंजुम, डॉ. अरदित शंकर और डॉ. आरती शर्मा सहित अन्य शिक्षक शामिल रहे। शिक्षकों को रक्तदान करते देखकर विद्यार्थियों में भी उत्साह बढ़ा और 14 विद्यार्थियों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।
शिविर के आयोजन में NSS टीम के डॉ. मुकुल कुमार, डॉ. आरती कुमारी एवं डॉ. अनुष्री की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं, सदर अस्पताल किशनगंज के चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ ने रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच के बाद चिकित्सकीय मानकों के अनुसार रक्त संग्रह किया। रक्तदान के बाद रक्तदाताओं को आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक, वैज्ञानिक, कर्मचारी, NSS स्वयंसेवक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। महाविद्यालय प्रशासन ने रक्तदाता शिक्षकों, विद्यार्थियों, NSS स्वयंसेवकों तथा सदर अस्पताल की चिकित्सा टीम के प्रति आभार जताया। प्रशासन ने कहा कि भविष्य में भी विद्यार्थियों और युवाओं को जनकल्याणकारी गतिविधियों से जोड़ने के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।