न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कृषि टास्क फोर्स की बैठक आयोजित, कृषि एवं संबद्ध विभागों की योजनाओं की हुई समीक्षा

किशनगंज:जिला पदाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कृषि टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई।

समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी द्वारा कृषि एवं कृषि से संबद्ध विभिन्न विभागों द्वारा जिलांतर्गत संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी एवं ससमय क्रियान्वयन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान कृषि विभाग, आत्मा, उद्यान विभाग, गव्य विकास विभाग, पशुपालन विभाग, मत्स्य विभाग, कृषि अभियंत्रण सहित अन्य संबंधित विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की विभागवार समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी  द्वारा योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही कठिनाइयों की जानकारी लेते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने का निर्देश दिया गया।

जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर

परम्परागत कृषि विकास योजना एवं प्राकृतिक खेती मिशन योजना की समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी  द्वारा जिला कृषि पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि योजनान्तर्गत चयनित लाभुक किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती की तकनीकों के संबंध में आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। किसानों को जैविक खेती के लाभ, जैविक खाद एवं जैविक कीटनाशकों के उपयोग तथा कम लागत में गुणवत्तापूर्ण कृषि उत्पादन के संबंध में जागरूक करने पर विशेष बल दिया गया।

जिला पदाधिकारी ने किसानों के लिए जिले के अंदर परिभ्रमण कार्यक्रम आयोजित कर सफल जैविक एवं प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों के खेतों का भ्रमण कराने का निर्देश दिया, ताकि अन्य किसान भी उन्नत एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित हो सकें।

उर्वरक की कालाबाजारी एवं जमाखोरी पर सख्त कार्रवाई का निर्देश

बैठक में उर्वरक की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसानों को निर्धारित मूल्य पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध हो, यह सुनिश्चित किया जाए। उर्वरक की कालाबाजारी, जमाखोरी एवं निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बिक्री करने वालों के विरुद्ध नियमित रूप से छापामारी करते हुए नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने का निर्देश जिला कृषि पदाधिकारी को दिया गया।

विशेष रूप से नेपाल सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थित खुदरा उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों की गहन जांच एवं नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में उर्वरक के अवैध भंडारण, कालाबाजारी एवं जमाखोरी पर सतत निगरानी रखी जाए, ताकि किसानों को उर्वरक की उपलब्धता में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं हो तथा उन्हें सुगमता पूर्वक निर्धारित मूल्य पर उर्वरक प्राप्त हो सके।

फार्मर रजिस्ट्री एवं फार्मर आई.डी. बनाने पर विशेष जोर

फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी  द्वारा निर्देश दिया गया कि जिले के सभी रैयतदार किसानों का फार्मर आई.डी. अनिवार्य रूप से बनवाना सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए किसानों के बीच व्यापक जागरूकता अभियान चलाने तथा संबंधित स्तर के पदाधिकारियों एवं कर्मियों के माध्यम से अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।

कृषि यांत्रिकरण योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार

कृषि यांत्रिकरण योजना की समीक्षा के दौरान उप निदेशक, कृषि अभियंत्रण, किशनगंज को निर्देश दिया गया कि योजना का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान योजना का लाभ प्राप्त कर सकें। किसानों को कृषि यंत्रों पर मिलने वाले अनुदान एवं योजना की पात्रता के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराने तथा अधिक से अधिक आवेदन सृजित करने का निर्देश दिया गया।

जिला पदाधिकारी  ने कृषि यंत्रों के उपयोग को बढ़ावा देने पर बल देते हुए कहा कि आधुनिक कृषि तकनीकों एवं यंत्रीकरण के माध्यम से किसानों की उत्पादकता बढ़ाने के साथ-साथ कृषि कार्य में लगने वाले समय एवं श्रम को कम किया जा सकता है।

कृषि एवं संबद्ध विभागों को योजनाओं में अपेक्षित प्रगति लाने का निर्देश

जिला पदाधिकारी  ने कृषि एवं कृषि से संबद्ध सभी विभागों के पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभाग एवं कार्यालय से संबंधित योजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करें तथा सभी योजनाओं का ससमय एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन कराएं। उन्होंने योजनाओं का लाभ वास्तविक एवं पात्र लाभुकों तक पहुंचाने तथा क्षेत्र स्तर पर योजनाओं की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।

पशु चिकित्सकों के कार्यों का मासिक मूल्यांकन

पशुपालन विभाग की समीक्षा के क्रम में जिला पशुपालन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि जिले में पदस्थापित सभी पशु चिकित्सीय पदाधिकारियों के मासिक कार्यों का नियमित मूल्यांकन सुनिश्चित किया जाए। पशुपालकों को समय पर पशु चिकित्सा सेवाएं, आवश्यक परामर्श एवं विभागीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र भ्रमण को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया गया।

जिला पदाधिकारी  ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कृषि एवं कृषि से संबद्ध योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों एवं पशुपालकों तक पहुंचाने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।

बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी, किशनगंज, उप निदेशक कृषि अभियंत्रण, किशनगंज, जिला गव्य विकास पदाधिकारी, किशनगंज, कार्यपालक अभियंता, लघु सिंचाई, जिला पशुपालन पदाधिकारी, सहायक निदेशक , बीज उत्पादन-सह-विपणन पदाधिकारी, किशनगंज सहित अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share this news

Leave a Comment