किशनगंज/विजय कुमार साह
SBI RSETI किशनगंज में बुधवार को छह दिवसीय ग्रॉसरी एवं किराना शॉप प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन LDM अखिलेश कुमार ने किया।
उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए स्वरोजगार के महत्व पर प्रकाश डाला और प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी का उपयोग व्यवसाय शुरू करने एवं उसे सफलतापूर्वक संचालित करने में करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में किराना एवं ग्रॉसरी व्यवसाय स्वरोजगार का बेहतर माध्यम है।
उचित योजना, बाजार की मांग, ग्राहक सेवा और वित्तीय प्रबंधन के साथ व्यवसाय संचालित कर स्थायी आय का साधन विकसित किया जा सकता है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से प्रशिक्षण में सक्रिय भागीदारी करने तथा व्यावहारिक एवं तकनीकी जानकारी को गंभीरता से सीखने की सलाह दी।
छह दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान दुकान की स्थापना, सामान का चयन, खरीद-बिक्री, स्टॉक प्रबंधन, मूल्य निर्धारण, ग्राहक व्यवहार, दैनिक आय-व्यय का लेखा-जोखा और बाजार की मांग को समझने सहित व्यवसाय को लाभदायक तरीके से संचालित करने की जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षणार्थियों को स्वरोजगार के लिए आवश्यक ज्ञान, कौशल एवं व्यवसायिक समझ प्रदान करना है, ताकि प्रशिक्षण के बाद वे अपना किराना या ग्रॉसरी व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकें।
इस अवसर पर RSETI के फैकल्टी अज़मल यज़दानी, सुभाष कुमार मंडल, असिस्टेंट पंकज कुमार सहित अन्य कर्मचारी एवं प्रशिक्षणार्थी मौजूद थे। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों एवं प्रशिक्षणार्थियों का आभार व्यक्त किया गया।