न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

अवैध बालू परिवहन के खिलाफ पुलिस की कारवाई,दो ट्रैक्टर जब्त

इरफान/पोठिया


पोठिया प्रखंड के अर्राबाड़ी थाना क्षेत्र में अवैध बालू परिवहन के खिलाफ पुलिस ने सोमवार शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए दो डबल डाला ट्रैक्टर जब्त किया। कार्रवाई सोमवार शाम करीब 7:30 बजे थाना अध्यक्ष कनक लता के नेतृत्व में पुलिस बल ने गुप्त सूचना के आधार पर की।जानकारी के अनुसार, अर्राबाड़ी थाना अध्यक्ष को सूचना मिली थी कि एबीजेड मीट फैक्ट्री की ओर से दो डबल डाला ट्रैक्टर पर अवैध रूप से बालू लादकर किशनगंज की ओर ले जाया जा रहा है।

सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस को देखते ही दोनों ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर तेज रफ्तार में भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर दोनों वाहनों को पकड़ लिया।भागने के क्रम में दोनों ट्रैक्टर गांव के बीच रास्ते में फंस गए। इसी दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर दोनों चालक मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जेसीबी मंगवाकर दोनों ट्रैक्टरों को वहां से बाहर निकलवाया और सुरक्षित थाना परिसर में रखवाया।पुलिस के अनुसार, मौके पर दोनों वाहन संदिग्ध अवस्था में मिले।

वाहनों पर बालू लदा हुआ था, जिसे प्लास्टिक से ढका गया था। मामले की सूचना वरीय अधिकारियों एवं खनन विभाग को देते हुए आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है।

अर्राबाड़ी थाना अध्यक्ष कनक लता ने बताया कि जब्त वाहनों को पकड़ने में थाना पुलिस बल का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। उन्होंने कहा कि अवैध खनन एवं बालू के अवैध परिवहन के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।कार्रवाई के दौरान अर्राबाड़ी थाना के एसआई हिटलर कुमार सहित अर्राबाड़ी एवं छत्तरगाछ थाना की पुलिस मौजूद रही।

Share this news

Leave a Comment