किशनगंज में 55 अपराधी गिरफ्तार, अंतरराज्यीय ट्रक लूट गिरोह का खुलासा: एक हफ्ते में 3457 लीटर शराब, 478 ग्राम हेरोइन और लूटा ट्रक बरामद
किशनगंज /प्रतिनिधि
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर एक विशेष मुहिम चलाई गई। इसके तहत पुलिस ने पिछले एक हफ्ते में अपराधियों पर कार्रवाई की है। 15 से 21 सितंबर तक चली इस मुहिम में कुल 55 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही, वाहन चेकिंग के दौरान 2 लाख 65 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूल किया गया।
वही इस सप्ताह पुलिस को बहादुरगंज थाना क्षेत्र में एक बड़ी कामयाबी मिली। नटुआपाड़ा ईंट भट्ठा के पास हुए ट्रक लूट मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। लूटे गए 15 लीटर वाले रिफाइन ऑयल के 189 टिन, एक ट्रक और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही पुलिस ने अपहरण किए गए एक व्यक्ति को भी सुरक्षित ढूंढ निकाला है।
नशा-मुक्त किशनगंज मुहिम के तहत पुलिस ने बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ भी बरामद किए हैं। इनमें 478.03 ग्राम स्मैक व ब्राउन शुगर और 183 ग्राम MDMA शामिल है। इसके अलावा 3457.365 लीटर विदेशी शराब और 162.25 लीटर देशी शराब भी मिली है।
पुलिस ने दो ट्रक, एक ट्रैक्टर, तीन मोटरसाइकिल, एक स्कॉर्पियो, एक टोटो, दो मवेशी, 16 मोबाइल, एक देशी कट्टा, एक तलवार, एक गड़ासा, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, मोटर, रेन कोट, खाली सिलेंडर भी बरामद किए हैं। साथ ही, 1,15,400 रुपये भारतीय मुद्रा और 4,650 रुपये नेपाली मुद्रा भी मिली है।
एसपी संतोष कुमार ने लोगों से अपील की है कि नशीले पदार्थों से जुड़ी कोई भी जानकारी ANTF हेल्पलाइन नंबर 9031816150 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करके शिकायत दर्ज कराएं।