कोढा/कटिहार- रौतारा थाना क्षेत्र में नशे के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं को कुल 514 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान पूर्णिया जिले के बायसी थाना क्षेत्र अंतर्गत जावर गांव निवासी नाजरा खातून पति मजबूल आलम, गुलसो उर्फ गुलशन खातून, पति मुख्तार आलम तथा सबूदा खातून,पति मनोवर आलम के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार रौतारा थाना क्षेत्र के गोविंदपुर इलाके में नशीले पदार्थ की तस्करी से संबंधित सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई की। जांच के दौरान पुलिस ने तीनों महिलाओं को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 514 ग्राम स्मैक बरामद हुई। बरामद नशीले पदार्थ को पुलिस ने जब्त कर लिया।कार्रवाई के बाद तीनों आरोपित महिलाओं को रौतारा थाना लाया गया।जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद तीनों को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत भेज दिया गया। इस कार्रवाई में रौतारा थानाध्यक्ष लालसार बिन्द के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की ओर से आम लोगों से भी अपील की गई है कि नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी से जुड़ी कोई सूचना मिलने पर इसकी जानकारी पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।