किशनगंज/सागर चंद्रा
झाड़-फूंक के चक्कर में पड़ जाने से एक सर्पदंश पीड़ित बच्चे की मौत हो गई। शनिवार देर रात सदर अस्पताल के चिकित्सक के द्वारा जांचोपरांत उसे मृत घोषित करते ही परिजनों के बीच कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन शव को लेकर घर वापस लौट गए।
परिजनों ने बताया कि कोचाधामन थाना क्षेत्र के जमीला डांगा निवासी 7 वर्षीय अजलान पिता गुलाम सरवर शनिवार शाम खेलने के दौरान सर्पदंश का शिकार हो गया था। किसी जहरीले सांप ने उसे काट लिया था।अजलान के द्वारा घटना की जानकारी दिए जाने के बाद परिजन उसे झाड़-फूंक के लिए पड़ोस के गांव में रहने वाले तांत्रिक के पास ले गए। काफी देर तक तांत्रिक सांप का जहर उतारने का दावा कर तरह-तरह के करतब करने लगा।
जिससे सांप का जहर अजलान के शरीर में फैल गया और उसकी तबीयत बिगड़ गई। यह देख कर तांत्रिक ने अपने हाथ खड़े कर दिए। घटना से हैरान और परेशान परिजनों ने फौरन अजलान को इलाज के लिए कोचाधामन पीएचसी में भर्ती कराया।
जहां से उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन बीच रास्ते में ही उसकी मौत हो गई थी। सदर अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने जांचोपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।