बाजार में सबसे अधिक रौनक वाहन, ज्वेलरी, इलेक्ट्रॉनिक्स और बर्तन की दुकानों पर देखने को मिली
कटिहार – धनतेरस पर शुक्रवार को जिले के बाजारों में खरीदारी का उत्साह चरम पर रहा। सुबह से शुरू हुई ग्राहकों की आवाजाही देर रात तक जारी रही। मान्यता के अनुसार शुभ दिन पर नई वस्तुएं खरीदने की परंपरा निभाने के लिए लोगों ने अपनी जरूरत और बजट के अनुसार जमकर खरीदारी की।
बाजार में सबसे अधिक रौनक वाहन, ज्वेलरी, इलेक्ट्रॉनिक्स और बर्तन की दुकानों पर देखने को मिली। व्यवसायियों के अनुसार महंगाई के बावजूद इस बार कारोबार पिछले वर्ष के लगभग बराबर रहा।धनतेरस को लेकर दुकानदारों ने पहले से ही विशेष तैयारी कर रखी थी। दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। शहर के दोपहिया और चारपहिया वाहन शोरूम, मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, ज्वेलरी और बर्तन की दुकानों में सुबह से ही ग्रामीण क्षेत्रों के ग्राहक पहुंचने लगे थे।
हालांकि शाम पांच बजे के बाद बाजार में खरीदारों की भीड़ और बढ़ गई। शुभ मुहूर्त में लोगों ने भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इस बार दोपहिया और चारपहिया वाहनों के अलावा ट्रैक्टर, ई-रिक्शा, टेंपो, मोबाइल, चांदी के सिक्के, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, फर्नीचर और झाड़ू की भी खूब बिक्री हुई। सोने-चांदी की कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद ज्वेलरी दुकानों पर ग्राहकों का उत्साह कम नहीं हुआ।
लोगों ने आभूषणों के साथ सोने-चांदी के सिक्के भी खरीदे। वाहन बाजार में विशेष रौनक रही। धनतेरस पर दो हजार से अधिक दोपहिया वाहनों की बिक्री हुई।
हालांकि पसंदीदा मॉडल उपलब्ध नहीं होने के कारण कई ग्राहकों को निराश होकर लौटना पड़ा। ऐसे ग्राहकों ने अग्रिम बुकिंग कराई ताकि मॉडल उपलब्ध होने पर वाहन की डिलीवरी मिल सके। बाजारों और प्रमुख चौक-चौराहों पर भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क रहा।