टीम स्टार और टीम मंगलम संयुक्त विजेता
कोढ़ा/कटिहार – राज्य डिग्री महाविद्यालय,कोढ़ा में दीपावली के अवसर पर शुक्रवार को रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सीके मिश्रा ने किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा अपनी रचनात्मकता,कलात्मक कौशल और सांस्कृतिक अभिरुचि का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। रंग-बिरंगी रंगोलियों से सजे महाविद्यालय परिसर में उत्सव और उमंग का वातावरण देखने को मिला। प्रतियोगिता में टीम स्टार और टीम मंगलम को संयुक्त रूप से विजेता घोषित किया गया।
टीम स्टार में खुशी कुमारी,अन्नू कुमारी एवं अंगूरी खातून शामिल थीं, जबकि टीम मंगलम की ओर से खुशबू कुमारी,शिवानी कुमारी एवं सनोवर खातून ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। दोनों टीमों की आकर्षक रंगोली,कलात्मक प्रस्तुति और रचनात्मकता को देखते हुए निर्णायक मंडल ने उन्हें संयुक्त विजेता घोषित किया।
प्रतियोगिता में प्रधानाचार्य डॉ. सीके मिश्रा ने निर्णायक मंडल की भूमिका भी निभाई। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनकी कलात्मक प्रतिभा,मेहनत और रचनात्मक सोच की सराहना की गई। कार्यक्रम के सफल संचालन एवं आयोजन में अर्थशास्त्र विभाग की सहायक प्राध्यापिका राशि झा तथा हिंदी विभाग के प्राध्यापक प्रीतम कुमार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
उनके मार्गदर्शन और सहयोग से प्रतियोगिता सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस अवसर पर सहायक प्राध्यापाक सत्यम संदीप, तिक्षणा सिंह,डॉ. सुजाता सुधा,स्वाति सिंह,गुलअफशां खातून, राजप्रिया गुप्ता एवं शंभू कुमार यादव सहित महाविद्यालय के विभिन्न कर्मी उपस्थित रहे।
प्रधानाचार्य के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, सांस्कृतिक चेतना, सामूहिक सहभागिता एवं भारतीय परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना को प्रोत्साहित करना था।प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ दीपावली के उल्लास को भी विशेष बना दिया।