न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

हथियार और कारतूस के साथ तस्वीर डालना पड़ा महंगा, दो युवक गिरफ्तार

किशनगंज पुलिस की कार्रवाई, आरोपितों की निशानदेही पर नदी किनारे से दो कारतूस बरामद, हथियार की तलाश जारी

किशनगंज/सागर चंद्रा

सोशल मीडिया पर हथियार और कारतूस के साथ तस्वीरें एवं वीडियो साझा करना दो युवकों को महंगा पड़ गया।सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर नदी किनारे से दो कारतूस बरामद किए गए हैं। हालांकि, हथियार की बरामदगी के लिए पुलिस का तलाशी अभियान जारी है।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को सूचना मिली थी कि इंस्टाग्राम पर ‘लव यू 302111’ नामक अकाउंट से दो युवकों ने देशी पिस्तौल और कारतूस के साथ तस्वीरें एवं वीडियो साझा किए हैं। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रथम खुशरू सिराज के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

पुलिस जांच में आरोपितों की पहचान सुदर्शन कुमार (20), पिता मुन्ना महतो, तथा रोहित कुमार (22), पिता जितन महतो, दोनों निवासी दुमरिया घाट, थाना टेढ़ागाछ, जिला किशनगंज के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस दल ने छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों युवकों ने बताया कि विश्वकर्मा पूजा 2026 के अवसर पर उन्होंने देशी पिस्तौल और कारतूस के साथ तस्वीरें एवं वीडियो बनाकर अपने इंस्टाग्राम खाते पर साझा किए थे। कुछ दिनों बाद उन्हें पता चला कि उनकी तस्वीरें वायरल हो गई हैं। इसके बाद पुलिस से बचने के लिए उन्होंने कथित तौर पर पिस्तौल और कारतूस नदी किनारे फेंक दिए थे।

आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने नदी और उसके किनारे सघन तलाशी ली। इस दौरान केले के थम के नीचे काले रंग की प्लास्टिक की थैली में रखे दो कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों कारतूस जब्त कर लिए हैं। हथियार कहां से लाया गया था और उसे रखने के पीछे क्या उद्देश्य था, इस संबंध में भी जांच की जा रही है।

मामले में टेढ़ागाछ थाना कांड संख्या 301/26, दिनांक 27 अक्टूबर 2026, के तहत आयुध अधिनियम की धारा 25(1-बी)ए में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।

छापेमारी दल में शामिल रहे अधिकारी

कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रथम खुशरू सिराज, जिला आसूचना इकाई के प्रभारी मुस्ताक, सोना कुमार, दिलशाद खान, टेढ़ागाछ थानाध्यक्ष, कोचाधामन थानाध्यक्ष संतोष कुमार, दिघलबैंक थानाध्यक्ष विपिन कुमार, बिशनपुर थानाध्यक्ष उत्कर्ष कुमार सहित जिला आसूचना इकाई के कर्मी तथा संबंधित थानों के पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल थे।

Share this news

Leave a Comment