खगड़ा के देव घाट पर उमड़ते हैं हजारों श्रद्धालु, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश
किशनगंज/प्रतिनिधि
आगामी छठ पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बुधवार को जिला पदाधिकारी नवीन कुमार और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने शहर के प्रमुख छठ घाटों में शामिल खगड़ा स्थित देव घाट,गांधी घाट,धोबी घाट डे मार्केट का निरीक्षण किया और साफ सफाई को लेकर जरूरी निर्देश दिए। देव घाट सहित अन्य घाटों पर प्रत्येक वर्ष अर्घ्य देने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में प्रशासन की ओर से घाट पर साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर जोर दिया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को घाट की साफ-सफाई सुनिश्चित कराने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया। छठ पर्व के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को महत्वपूर्ण बताया गया। प्रशासन का प्रयास है कि व्रतियों और श्रद्धालुओं को अर्घ्य देने के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाट पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही पर्व से पहले जरूरी तैयारियां पूरी करने पर जोर दिया गया, ताकि छठ पूजा के दौरान घाट पर आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इस मौके पर उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा, एसडीएम अनिकेत कुमार, ट्रैफिक डीएसपी राजेश सिंह, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी प्रवीण कुमार, स्वच्छता पदाधिकारी स्वरूपम राज, टाउन थानाध्यक्ष मुकेश कुमार सहित बबलू साहा, साहिल अनवर और अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।
छठ पर्व को देखते हुए शहर के प्रमुख घाटों पर साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की सक्रियता बढ़ गई है। अधिकारियों के निर्देश के अनुसार, श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखकर आवश्यक तैयारियां पूरी की जानी हैं।