न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

बकरी चोरी के आरोप में दो युवकों की पिटाई, पुलिस वाहन में तोड़फोड़ और बाइक फूंकी

विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ

किशनगंज में भीड़ द्वारा कानून को हाथ में लिए जाने का सनसनी खेज मामला प्रकाश में आया है।पूरा मामला जिले के टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र अंतर्गत रंगी चौक, फाराबाड़ी के समीप की है।जहां गुरुवार शाम बकरी चोरी के आरोप में दो युवकों के साथ भीड़ द्वारा बेरहमी से मारपीट की गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को भीड़ से निकालकर थाना लाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित भीड़ ने पुलिस वाहन को घेर लिया और पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों से धक्का मुक्की की साथ ही वाहन में भी तोड़फोड़ की। इस दौरान एक महिला सिपाही भी घायल हो गई है।


पीड़ित फुलवड़िया वार्ड संख्या तीन निवासी मो. दिलदार आलम (22) ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह अपने दोस्त फुलबाड़ी वार्ड संख्या छह निवासी मो. मुबारक आलम (20) के साथ अपाची मोटरसाइकिल से मटियारी गया था। लौटने के दौरान रंगी चौक के पास कुछ लोगों ने दोनों को घेरकर बकरी चोरी का आरोप लगाते हुए मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग जुट गए और दोनों के साथ लाठी-डंडे, रड आदि से मारपीट की गई। दोनों के सिर में गंभीर चोट लगने से खून बहने लगा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को भीड़ से बचाया।


पीड़ित के अनुसार, भीड़ ने उसकी अपाची मोटरसाइकिल में आग लगा दी तथा मोबाइल और गले का लॉकेट भी ले लिया। इधर, अपर थानाध्यक्ष रितेश कुमार द्वारा दिए आवेदन के अनुसार, सूचना मिलने पर वे सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। वहां करीब 500 लोगों की भीड़ दोनों युवकों के साथ मारपीट कर रही थी। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को थाना वाहन में बैठाया।

इसके बाद भीड़ ने वाहन को घेरकर दोनों युवकों को बाहर निकालने का दबाव बनाया तथा गाली-गलौज करते हुए वाहन के शीशे, लॉक और साइड मिरर क्षतिग्रस्त कर दिए। इस दौरान महिला सिपाही अनिशा कुमारी को शीशे का टुकड़ा लगने से चोट लगी। पुलिस के अनुसार, भीड़ में शामिल लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डाली। घटना में पुलिस वाहन को नुकसान पहुंचाया गया तथा बाद में दोनों युवकों की मोटरसाइकिल में आग लगाए जाने की सूचना मिली।


पुलिस ने वायरल वीडियो और स्थानीय स्तर पर पहचान के आधार पर बबलू कुमार सिंह, राजेश कुमार सिंह, राजू कुमार साह, श्याम कुमार सिंह, नरेश कुमार सिंह, दुर्गेश कुमार सिंह, गुहिया कुमार सिंह, कतिका कुमार सिंह, कौरव कुमार सिंह, मो. आरिफ आलम और बिनोद कुमार सिंह समेत करीब 70 से 100 लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में थाना कांड संख्या 261/26 और 262/26 दर्ज किया है।

मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।मिली जानकारी के मुताबिक बकरी चोरी के दोनों आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और दहशत का माहौल है।

Share this news

Leave a Comment