पोठिया थाना क्षेत्र में छापेमारी कर संचालक सहित तीन गिरफ्तार
भारी मात्रा में हथियार व उपकरण बरामद
कटिहार- जिला पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पोठिया थाना क्षेत्र में संचालित एक मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। पुलिस ने इस मामले में संचालक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान निर्मित व अर्द्धनिर्मित हथियार, जिंदा कारतूस, मैगजीन तथा हथियार बनाने में प्रयुक्त बड़ी मात्रा में उपकरण बरामद किए गए हैं।
सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विशाल आनंद ने बताया कि पोठिया थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम सतबेहरी चांदपुर बहियार स्थित महंथ बाबा स्थान के समीप केला के खेती की आड़ में बनी एक झोपड़ी में अवैध रूप से मिनी गन फैक्ट्री का संचालन किया जा रहा है। इसकी सूचना पुलिस अधीक्षक कटिहार को दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल एसआईटी का गठन किया गया।
गठित टीम ने तकनीकी अनुसंधान एवं मानवीय सूचना के आधार पर सतबेहरी चांदपुर बहियार स्थित महंथ बाबा स्थान के समीप छापेमारी की।पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद तीन व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस बल के सहयोग से तीनों को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मो. रफीक आलम (30) पिता मो. जैनुल आलम निवासी सतबेहरी चांदपुर थाना पोठिया, जिला कटिहार,मो. फिरोज (35), पिता स्व. तसलीम तथा मो. बजीर (44 )पिता स्व. एनुल दोनों निवासी मिर्जापुर बरसा थाना मुफस्सिल जिला मुंगेर के रूप में की गई है।
झोपड़ी की तलाशी के दौरान पुलिस ने एक अर्द्धनिर्मित पिस्टल, एक पिस्टल, एक बैरल, दो मैगजीन,7.65 एमएम की छह जिंदा गोलियां, दो अर्द्धनिर्मित मैगजीन, दो गैस कटिंग मशीन, एक ड्रिल मशीन तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए। इसके अलावा हथियार निर्माण में प्रयुक्त रेती, सूजा, लोहे के टुकड़े, स्प्रिंग समेत अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं। इस संबंध में पोटिया थाना कांड संख्या 233/26 दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। पुलिस बरामद हथियारों और गिरफ्तार आरोपितों के आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है।