सागर चंद्रा/ किशनगंज
दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर पति ने पत्नी और बच्चों को घर में बंद कर दिया और दरवाजे पर ताला जड़ कर फरार हो गया। बच्चों के चीख-पुकार को सुनकर आस-पड़ोस के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम ने सभी को आजाद कराया और उन्हें थाने ले आई। जहां ढ़ेकसरा वार्ड नंबर 10 निवासी सुमेरा खातुन पति इब्राहिम के लिखित शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
वहीं सुमेरा ने बताया कि 12 वर्ष पूर्व उसकी शादी ढ़ेकसरा ठउवापाड़ा इब्राहीम पिता नईम उद्दीन के साथ हुई थी जिससे उसे चार संतान भी है। शादी के कुछ वर्षों तक सबकुछ ठीक ठाक रहा। इसके बाद इब्राहिम 5 लाख रुपये की मांग कर सुमेरा को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। सुमेरा का आरोप है कि पूर्व में पति ने उसकी हत्या करने की भी कोशिश की थी।
गत 5 सितंबर को पति ने उसे बच्चों के साथ घर में बंद कर दिया और दरवाजे पर ताला जड़ कर चला गया था। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे बाहर निकाला था। लेकिन पुलिस के जाने के बाद इब्राहिम आगबबूला हो गया और सारे सामान को तोड़ कर पूरे घर को तहस-नहस कर दिया।
विरोध करने पर इब्राहिम धारदार कचिया लेकर पत्नी और बच्चों पर हमला कर दिया। लेकिन सुमेरा किसी तरह अपना और बच्चों की जान बचाने में सफल रही। घटना के बाद सुमेरा और उसके बच्चों को घर वापस जाने में भय लगने लगा है।