संवाददाता/किशनगंज
जिले में क्रिकेट गतिविधियों को नई गति देने की तैयारी शुरू हो गई है। इसी कड़ी में किशनगंज जिला क्रिकेट संघ की वार्षिक आमसभा की बैठक संघ की अध्यक्ष संगीता जैन की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले के विभिन्न क्रिकेट क्लबों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और आगामी क्रिकेट सत्र को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जिला क्रिकेट संघ द्वारा क्लबों का पंजीकरण 30 नवंबर से 6 दिसंबर तक किया जाएगा। वहीं, दिसंबर महीने के दूसरे सप्ताह के अंत तक टूर्नामेंट शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस बार के टूर्नामेंट में खेल को और अधिक व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने के उद्देश्य से सभी मुकाबले सफेद गेंद और रंगीन ड्रेस में आयोजित किए जाएंगे। इससे खिलाड़ियों को आधुनिक क्रिकेट प्रारूप के अनुरूप खेलने का अवसर मिलेगा।
बैठक में संघ की अध्यक्ष संगीता जैन के अलावा सचिव तबरेज आलम, संयुक्त सचिव वीर रंजन, उपाध्यक्ष मुताहीरा जबी एवं कोषाध्यक्ष मो. मनोव्वर सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जिला क्रिकेट संघ के इन निर्णयों से जिले के क्रिकेट खिलाड़ियों और क्लबों में आगामी टूर्नामेंट को लेकर उत्साह बढ़ने की उम्मीद है।