राज कुमार/पोठिया
जिले के पोठिया प्रखंड अंतर्गत पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र के जहांगीरपुर गांव के निकट बुधवार को बिजली करंट की चपेट में आने से तीन मजदूर बुरी तरह झुलस गए।घटना के बाद इलाके में अफरा तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया ।
मिली जानकारी के मुताबिक
धान के खेत में काम कर रहे एक ही परिवार के तीन मजदूरों पर अचानक 11 हजार वोल्ट का बिजली तार टूटकर गिर गया। हादसे में पति-पत्नी समेत उनका पुत्र करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल बिजली विभाग को फोन कर बिजली आपूर्ति बंद करवाई। हालांकि, बिजली काटे जाने से पहले ही तीनों गंभीर रूप से झुलस चुके थे। आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के इस्लामपुर ले जाया गया है।
घायलों की पहचान शिव चरण पहान, उनकी पत्नी मान्ती पहान और पुत्र उपेन पहान के रूप में हुई है ।
बताया जा रहा है कि जिस खेत में हादसा हुआ, उसके मालिक ने बिजली के जर्जर तार को दुरुस्त कराने के लिए विभाग से कई बार शिकायत की थी। इसके बावजूद तार की मरम्मत नहीं कराई गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि विभाग की अनदेखी और कथित लापरवाही के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ।