न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

26 नवंबर को किशनगंज में होगा हवाई हमले और ब्लैकआउट का मॉक ड्रिल

सुबह 11 बजे इंटर बॉयज हाई स्कूल में होगा हवाई हमले से बचाव का अभ्यास, शाम 6 बजे गांधी चौक और समाहरणालय परिसर में ब्लैकआउट ड्रिल

किशनगंज: जिले में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने और नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए 26 नवंबर को हवाई हमला एवं ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर मंगलवार को अनुमंडल पदाधिकारी सह उप नियंत्रक, नागरिक सुरक्षा अनिकेत कुमार की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मॉक ड्रिल को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 26 नवंबर को सुबह 11 बजे इंटर बॉयज हाई स्कूल, किशनगंज में हवाई हमले से बचाव को लेकर मॉक ड्रिल आयोजित होगी। इसमें हवाई हमले जैसी आपातकालीन स्थिति में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, घायलों का रेस्क्यू करने, प्राथमिक उपचार देने और गंभीर रूप से घायलों को अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया जाएगा। खासकर विद्यालय में मौजूद बच्चों की सुरक्षित निकासी की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया जाएगा।

वहीं, शाम 6 बजे गांधी चौक और समाहरणालय परिसर में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल होगी। इसमें आपातकालीन स्थिति के दौरान निर्धारित निर्देशों के अनुसार बिजली और प्रकाश व्यवस्था नियंत्रित करने तथा ब्लैकआउट के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों का अभ्यास कराया जाएगा।

समीक्षा बैठक में एसडीओ अनिकेत कुमार ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय रहते तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सकीय टीम, एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं, अग्निशमन विभाग को अग्निशमन वाहन और आवश्यक उपकरणों के साथ तैयार रहने का निर्देश दिया गया।

पुलिस एवं यातायात विभाग को विधि-व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा सायरन, स्ट्रेचर, बचाव उपकरण, संचार एवं विद्युत व्यवस्था की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। एसडीआरएफ और नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों को भी निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुरूप सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया गया। विद्यालय प्रशासन को बच्चों की सुरक्षा और सुरक्षित निकासी की समुचित व्यवस्था करने को कहा गया।

अधिकारियों ने बताया कि इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य हवाई हमले सहित अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई, बचाव एवं राहत कार्यों की तैयारियों को परखना और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। इसके जरिए आम नागरिकों को भी आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सुरक्षा प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।

बैठक में सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला अग्निशमन पदाधिकारी, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता, बीडीओ, सीओ, एसडीआरएफ टीम कमांडर, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, थानाध्यक्ष, रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव, इंटर बॉयज हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक और सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधि मौजूद थे।

Share this news

Leave a Comment