डीएम नवीन कुमार और एसपी संतोष कुमार ने की सीमावर्ती गांवों में विकास योजनाओं की समीक्षा, सड़क, पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य सुविधाओं को प्राथमिकता देने का निर्देश
संवाददाता/किशनगंज
भारत नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे गांवों के समग्र विकास और स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। सोमवार को जिला पदाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में सीमावर्ती गांवों में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें सीमावर्ती क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करने, स्थानीय युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देने और सीमा सुरक्षा के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में बताया गया कि जिले के तीन प्रखंडों के कुल 29 गांवों को सीमावर्ती गांव विकास कार्यक्रम के तहत चयनित किया गया है। इनमें टेढ़ागाछ प्रखंड के 9, दिघलबैंक प्रखंड के 12 तथा ठाकुरगंज प्रखंड के 8 गांव शामिल हैं। इन गांवों में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नियमित निगरानी के लिए जिला स्तरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
समीक्षा के दौरान डीएम नवीन कुमार ने कहा कि सीमावर्ती गांवों के युवाओं को कौशल विकास एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना प्रशासन की प्रमुख प्राथमिकता है। उन्होंने युवाओं की रुचि और क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार विभिन्न व्यवसायों में प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इसके लिए ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान और जीविका के माध्यम से वाहन मरम्मत, वाहन चालन, वातानुकूलन यंत्र एवं फ्रिज की मरम्मत, मोबाइल मरम्मत, सिलाई मशीन संचालन और अगरबत्ती निर्माण सहित अन्य रोजगारपरक कार्यों का प्रशिक्षण देने को कहा गया।
डीएम ने चयनित गांवों में आधारभूत सुविधाओं के विकास पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने सड़क एवं संपर्क पथों का निर्माण, नल-जल योजना के माध्यम से शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, बिजली तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
इसके अलावा पात्र परिवारों का आयुष्मान भारत कार्ड एवं राशन कार्ड बनाने, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से जोड़ने तथा मत्स्य पालन, सुअर पालन और सौर ऊर्जा से संबंधित योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाने को कहा गया। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी पात्र परिवार सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और चयनित गांवों में संचालित एवं प्रस्तावित योजनाओं की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती गांवों का विकास केवल सड़क, बिजली और पानी तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर देकर उन्हें आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाना भी जरूरी है।
वहीं, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थानीय समुदाय के साथ बेहतर समन्वय और विश्वास का वातावरण बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सीमा सुरक्षा के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने के साथ सीमा प्रबंधन में स्थानीय नागरिकों की सकारात्मक भागीदारी सुनिश्चित करना आवश्यक है।
बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (राजस्व), अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), अपर समाहर्ता (विभागीय जांच), अनुमंडल पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी सहित कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे।