अररिया में दो दिवसीय जिला स्तरीय किसान मेला सह कृषि प्रदर्शनी का शुभारंभ, उन्नत कृषि तकनीकों और आधुनिक खेती के तरीकों की दी गई जानकारी
अररिया/अरुण कुमार
किसानों की आमदनी बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के उद्देश्य से सोमवार को आत्मा के तत्वावधान में जिला स्तरीय दो दिवसीय किसान मेला सह कृषि प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। मेला का उद्घाटन जिला पदाधिकारी विनोद दूहन, जिला परिषद अध्यक्ष आफताब अजीम एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए डीएम विनोद दूहन ने किसानों से प्राकृतिक एवं जैविक खेती को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेती को टिकाऊ और अधिक मुनाफे वाला बनाने के लिए रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करना जरूरी है। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों के साथ प्राकृतिक एवं जैविक पद्धतियों को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने किसानों को खेती के साथ गोपालन और पशुपालन को भी जोड़ने की सलाह दी। साथ ही पशुओं का बीमा कराने पर जोर देते हुए कहा कि इससे आकस्मिक नुकसान की स्थिति में पशुपालकों को आर्थिक सुरक्षा मिल सकती है।
डीएम ने कृषि प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और किसानों से समेकित कृषि प्रणाली अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसान केवल फसल उत्पादन तक सीमित न रहें, बल्कि पशुपालन, मत्स्य पालन और अन्य कृषि आधारित गतिविधियों को भी अपनी आजीविका का हिस्सा बनाएं। इससे आमदनी के कई स्रोत विकसित होंगे और आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

इस अवसर पर जिला कृषि पदाधिकारी ने कृषि विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी किसानों को दी। वहीं सिंचाई अनुसंधान केंद्र के वैज्ञानिक ने रबी मक्का की उन्नत उत्पादन तकनीक, वैज्ञानिक खेती के तरीके और बेहतर पैदावार प्राप्त करने के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
24 नवंबर तक चलने वाले इस किसान मेले में किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं, आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत कृषि यंत्रों और विभिन्न कृषि गतिविधियों की जानकारी दी जा रही है। कार्यक्रम में उप निदेशक कृषि अभियंत्रण, उप परियोजना निदेशक आत्मा, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी फारबिसगंज, सभी सहायक निदेशक, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, कृषि समन्वयक, सहायक तकनीकी प्रबंधक, किसान सलाहकार सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।