न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

एनएच-31 पर हादसे में बाइक सवार पंच की मौत,परिजनों में पसरा मातम

​पोठिया थाना क्षेत्र के खोटा पेट्रोल पंप के पास हादसा

कुरसेला /कटिहार – एनएच 31 पर पोठिया थाना क्षेत्र के खोटा पेट्रोल पंप के समीप शनिवार की शाम हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल ग्राम कचहरी पंच की हायर सेंटर ले जाने के दौरान मौत हो गई। कुरसेला थाना क्षेत्र के नवाबगंज मिलकी गांव निवासी अशोक मंडल (55) समेली प्रखंड के मुरादपुर पंचायत के वार्ड संख्या 12 के पंच थे।

जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब 6 बजे अशोक मंडल अपनी बाइक से डूमर की ओर से अपने घर मिल्की नवाबगंज लौट रहे थे। इसी दौरान खोटा पेट्रोल पंप के पास किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार ठोकर मार दी। हादसे में वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के कुछ देर बाद मौके पर जुटे लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पोठिया थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल पंच को इलाज के लिए सीएचसी समेली में भर्ती कराया।

वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन हायर सेंटर ले जाने के दौरान देर रात रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। मृतक को तीन पुत्र और दो पुत्री है। इनमें से एक पुत्री और दो पुत्र की शादी नहीं हुई है। इन बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुट गई है।

सड़क हादसे में जान गंवाने वाले पंच अशोक मंडल के घर में दोहरा मातम पसर गया है। बताया जाता है कि अशोक की बड़ी बहन का तीन दिन पहले ही निधन हो गया था। अभी इस दुख से परिवार उबर भी नहीं पाया था कि तीन दिन बाद ही भाई की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।

इस घटना से मृतक के मिलकी स्थित घर और बहन के कुरसेला स्थित घर ससुराल में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Share this news

Leave a Comment