₹88 हजार जुर्माना वसूला, दो गया जेल
कटिहार – कटिहार-जोगबनी रेलखंड पर बेटिकट एवं अनियमित रूप से यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ रेलवे प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए मेगा मजिस्ट्रेट टिकट चेकिंग अभियान चलाया। कटिहार रेलमंडल के वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनूप कुमार सिंह एवं रेलवे मजिस्ट्रेट गौरव सिंह के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान से बेटिकट यात्रियों में हड़कंप मच गया।
इस अभियान के दौरान फारबिसगंज स्टेशन पर दर्जनों मेल,एक्सप्रेस एवं पैसेंजर ट्रेनों में सघन टिकट जांच की गई। जानकारी के अनुसार अभियान के दौरान कुल 146 बेटिकट एवं अनियमित यात्री पकड़े गए। जिन्हें रेलवे मजिस्ट्रेट गौरव सिंह ने फारबिसगंज स्टेशन पर ही कैंप कोर्ट के माध्यम से पकड़े गए यात्रियों के विरुद्ध रेल अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उनके पहले अपराध के लिए हिदायत देते हुय सभी को आर्थिक दंड की सजा दिया।
इस दौरान यात्रियों से कुल 88,090 रुपये जुर्माना वसूला गया, जबकि जुर्माना नहीं चुकाने वाले दो यात्रियों को जेल भेज दिया गया। रेलवे मजिस्ट्रेट गौरव सिंह इससे पूर्व राजधानी एक्सप्रेस एवं अरुणाचल एक्सप्रेस में भी औचक टिकट जांच अभियान चलाकर ऐतिहासिक रिकॉर्ड कायम कर चुके हैं। वहीं वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनूप कुमार सिंह ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेल यात्रा के दौरान हमेशा वैध टिकट लेकर ही सफर करें।
बिना टिकट यात्रा करना रेल अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है। जिसके लिए उन्हें जेल भी जानी पर सकती है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा और रेलवे राजस्व की सुरक्षा के लिए भविष्य में भी इस तरह के औचक मेगा टिकट चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे।इस सफल अभियान में रेल अधिकारी ,वाणिज्य कर्मी सहित सुरक्षा के जवान सहित कुल 60 लोग शामिल थे।
रेल में इस मेगा चेकिंग की सफलता में रेल प्रशासन का सहयोग काफी सराहनीय रहा। जबकि न्यायालय की और से पेशकार कुलदीप सिंहा,नवीन कुमार,आदित्य नंदन, प्रिंस कुमार, शशि कुमार आदि मौजूद रहे ।