न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

असम के युवक के लापता होने की प्राथमिकी सदर थाना में करवाई गई दर्ज

संवाददाता/किशनगंज

काम के सिलसिले में पश्चिम बंगाल के इस्लामपुर से किशनगंज पहुंचे असम के एक 21 वर्षीय युवक के लापता होने का मामला प्रकाश में आया है। पिछले कई दिनों से युवक का कोई सुराग नहीं मिलने और उसका मोबाइल फोन बंद आने से परिजन बेहद चिंतित हैं। इस मामले को लेकर लापता युवक के भाई ने बुधवार को किशनगंज सदर थाना में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज करवाई है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी है। किशनगंज सदर थाना में दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, असम के लखीमपुर जिला अंतर्गत गोसाई डोलोनी निवासी इकरामुल इस्लाम ने अपने भाई इनामुल हक (21 वर्ष) के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई है। इकरामुल ने पुलिस को बताया कि उनका भाई इनामुल हक पिछले करीब डेढ़ माह से बंगाल के इस्लामपुर में रहकर टाइल्स और मार्बल लगाने का काम करता था।

15 नवंबर को इनामुल हक काम के सिलसिले में इस्लामपुर से ई-रिक्शा पर सवार होकर किशनगंज के लिए निकला था। इसके बाद से वह वापस नहीं लौटा। किशनगंज बुलाने वाले युवक का नाम ट्रू कालर में राहुल राज आ रहा है।परिजनों द्वारा जब ई-रिक्शा चालक से संपर्क कर पूछताछ की गई, तो चालक ने बताया कि उसने इनामुल को किशनगंज रेलवे स्टेशन के समीप उतार दिया था और वहां से चला गया था।स्टेशन के पास उतरने के बाद युवक कहां गया, इसका कोई अता-पता नहीं चल पा रहा है।

युवक के लापता होने की सूचना मिलते ही परिजन असम से किशनगंज पहुंचे और अपने स्तर से संभावित ठिकानों व रिश्तेदारों के यहां उसकी काफी खोजबीन की। लगातार प्रयास के बावजूद जब इनामुल का कहीं कोई सुराग नहीं मिला और उसका मोबाइल फोन भी लगातार स्विच ऑफ आने लगा, तो थक-हारकर भाई इकरामुल इस्लाम ने सदर थाना पहुंचकर पुलिस से मदद की गुहार लगाई।

इस संबंध में किशनगंज सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि पीड़ित परिजनों के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस लापता युवक के मोबाइल लोकेशन और आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी बरामदगी के लिए सघन खोजबीन कर रही है।

Share this news

Leave a Comment