न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

बस स्टैंड के पास नशीले पदार्थ की बिक्री करते युवक गिरफ्तार, 45 पुड़िया बरामद

18.59 ग्राम संदिग्ध मादक पदार्थ, नौ एविल इंजेक्शन, मोबाइल और 4580 रुपये नकद जब्त

संवाददाता/किशनगंज

शहर के बस स्टैंड स्थित डे-मार्केट ओवरब्रिज के नीचे पुलिस ने छापेमारी कर नशीले पदार्थ की बिक्री के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान शाहबाज आलम (18), निवासी बस स्टैंड मल्लाहबस्ती वार्ड संख्या-24, किशनगंज के रूप में हुई है।

बुधवार को दिवा गश्ती के दौरान पुलिस टीम डे-मार्केट ओवरब्रिज के नीचे पहुंची तो एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस बल के सहयोग से उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम शाहबाज आलम बताया। तलाशी के दौरान उसके जींस पैंट से सफेद पारदर्शी प्लास्टिक में रखी 45 पुड़िया संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद हुई। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलने पर पॉलीथिन सहित इसका वजन 18.59 ग्राम पाया गया।

इसके अलावा नौ बोतल एविल इंजेक्शन (प्रत्येक 5 एमएल), एक रियलमी नारजो मोबाइल फोन, 4580 रुपये नकद और एक टच वन कंपनी का 5 एमएल सिरिंज भी बरामद किया गया। आरोपी ने मोहन नामक एक अन्य व्यक्ति का भी जिक्र किया है, जो पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले का रहने वाला बताया गया है।

पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में जब्ती सूची तैयार कर बरामद सामान जब्त किया। गिरफ्तार युवक के विरुद्ध आदर्श थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share this news

Leave a Comment